तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों को दर्ज करने में लापरवाही बरती जा रही है। सभी शिकायतों को कर्मी दर्ज नहीं कर रहे हैं। नियमानुसार इन शिकायतों को रजिस्टर में दर्ज करने के साथ ऑनलाइन भी फीड करना होता है, ताकि शिकायतकर्ता निस्तारण ऑनलाइन देख सकें। ऐसा हो नहीं रहा है। सदर तहसील में मंगलवार को आईं 116 शिकायतों में सिर्फ दो का निस्तारण हुआ।
तहसील कर्मियों ने दिवस के दो रजिस्टर बना रखे हैं। एक में ऑनलाइन होने वाली शिकायतों को दर्ज करते हैं। दूसरे रजिस्टर में मैनुअल निस्तारण कराया जा रहा है। शिकायत ऑनलाइन होने पर शिकायतकर्ता अपनी शिकायत का निस्तारण कहीं भी देख सकता है। जो प्रार्थनापत्र ऑनलाइन नहीं किए जाते, उन शिकायतकर्ताओं के सामने निस्तारण देखने में समस्या हो रही है। मंगलवार को तहसील दिवस में सिर्फ 25 शिकायतों को रजिस्टर्ड किया गया। दूर-दूर से आए कई शिकायतकर्ताओं की शिकायतों को संबंधित कर्मियों ने ऑनलाइन वाले रजिस्टर में दर्ज नहीं किया। इनमें आवास, गोशाला बनवाने, पैमाइश, विद्युत, अवैध कब्जा, पेंशन, शौचालय, सफाई, मेड़ तोड़ने, राशन आदि शिकायतें शामिल हैं। एसडीएम महेंद्र कुमार ने बताया कि तहसील में आने वाली सभी शिकायतों को ऑनलाइन किया जाता है। अगर शिकायत दर्ज करने में लापरवाही बरती जा रही है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
पिछले तहसील दिवसों की 93 शिकायतों का नहीं हुआ निस्तारण
तिर्वा। तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों में 93 का अभी तक निस्तारण नहीं हो पाया। इनमें राजस्व की 26, ब्लाक से संबधित 24, पूर्ति विभाग की 15, तिर्वा पुलिस से संबंधित 4, ठठिया पुलिस से संबंधित 1, इंदरगढ़ पुलिस से संबंधित 4, विद्युत की 4, सौरिख पुलिस से संबंधित 1, हसेरन ब्लाक की 4, नगर पंचायत की 2, पीडब्ल्यूडी की 1, वन विभाग की 1, जिलापूर्ति अधिकारी की 2, डाक विभाग की 1, जिला क्षय रोग अधिकारी से संबंधित 1, एडीएम वित्त से संबंधित 1 शिकायत का निस्तारण अभी तक नहीं हो पाया। एसडीएम ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण न होने पर संबंधित विभागों से जवाब मांगा है।