सीएम के मंच का निरीक्षण करते एडीएम व एसडीएम।
- फोटो : अमर उजाला
खड़िनी (कन्नौज)। ग्रीन यूपी-क्लीन यूपी मिशन के तहत 11 जुलाई को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव पिपरिया में पौधे रोपेंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर जिले के आला अफसर देर रात तक व्यवस्था सुदृंढ़ करने में जुटे रहे। रविवार दोपहर बाद जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने ब्लाक मुख्यालय पर सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक बुलाकर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी। मुख्यमंत्री का उड़न खटोला खड़िनी के रामलीला मैदान में बनाए गए हैलीपेड पर उतरेगा।
हैलीपेड और कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का जायजा लेने माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजयबहादुर पाल व सांसद प्रतिनिधि नवाब सिंह यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख मगन सिंह बैस समेत कई नेता भी पहुंचे। हैलीपेड से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर ग्राम पिपरिया स्थित कार्यक्रम स्थल तक सीएम कार से पहुंचेंगे। फ्लीट के समय सभी रोड ब्लाक कर दिए जाएंगे। पिपरिया के लोगों को खड़िनी बाजार जाने के लिए कंसुआ मार्ग को अपनाना पड़ेगा। पिपरिया-खड़िनी मार्ग सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया जाएगा।
विश्व कीर्तिमान बनाने की दिशा में सीएम अखिलेश यादव पौधरोपण की शुरुआत कन्नौज जनपद से करेंगे। सोमवार को वह निर्धारित कार्यक्रम के तहत खड़िनी में पौधरोपण करेंगे। वीवीआईपी प्रभारी अधिकारी सुनील कुमार शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार की सुबह 10:30 बजे चौधरी चरण सिंह डिग्री कालेज, हेबरा पहुंचेंगे। 10:55 बजे पर वह खड़िनी मे पौधरोपण की शुरुआत करेंगे। यहां पर 30 मिनट रुकने के बाद वह 11.30 बजे खड़नी हेलीपैड स्थल पर पहुंचेंगे और 11:40 बजे रसूलाबाद के लिए रवाना होंगे।