शहर के केके सीएन कालेज के खेल मैदान में मंगलवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सीएम अखिलेश की जनसभा होगी। सोमवार को तैयारियों का सिलसिला चलता रहा। मजदूर हैलीपैड बनाने में जुटे हैं। मैदान की बैरीकेडिंग भी हो रही है। 17 को डिंपल की जनसभा है।
सोमवार को बोर्डिंग मैदान में सीएम की जनसभा के लिए तैयार किए जा रहे मंच व हैलीपैड का दौरा कर एसपी दिनेश कुमार पी ने लिया। मंगलवार को जिले में सिंकदरपुर कस्बे में जनसभा के बाद सीएम की शहर के बोर्डिंग ग्राउंड में जनसभा होनी है। वहीं, सांसद डिंपल यादव की छिबरामऊ विधानसभा, गुरसहायगंज, सदर विधानसभा में कुसुमखोर, तिर्वा में कचाटीपुर इंटर कालेज में 17 को जनसभा है।
सीएम की जनसभा पर रूट डायवर्जन
01- कानपुर से छिबरामऊ की ओर आने वाला यातायात परिवर्तित रहेगा। ट्रैफिक पूर्वी बाईपास से पाल चौराहा होते हुए तिर्वा की तरफ फगुहा भट्टा से होते एक्सप्रेस-वे से होकर तालग्राम से होते हुए छिबरामऊ वाहन निकलेंगे।
02- इसी प्रकार बेवर की तरफ से कानपुर आने वाले वाहन, छिबरामऊ से फर्रुखाबाद होते हुए या छिबरामऊ पूर्वी बाईपास से तालग्राम होते हुए एक्सप्रेस-वे से फगुहा भट्टा अरौल होकर जाएंगे।
03- भारी वाहन छिबरामऊ से कन्नौज तक जीटी रोड से नही निकलेगा, केवल रोडवेज बसें ही शहर के अंदर प्रवेश कर सकेंगी।
04- तिर्वा क्रासिंग से लेकर जनसभा स्थल तक सभी भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। सभी वाहन शहर में जाने के लिए मकरंदनगर से होकर निकलेंगे। वहीं जनसभा की ओर से आने वाले पार्टी समर्थकों के वाहन गोलकुंआ से होकर पहुंचेंगे।
प्रशासनिक अधिकारियों और सपा नेताओं ने डेरा जमाया
सिकंदरपुर। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की 14 फरवरी को कस्बे के भारतीय शिक्षा सदन इंटर कालेज के खेल मैदान में जनसभा है। सोमवार को देर रात तक तैयारियां चलती रही। सपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। तीसरे चरण में 19 फरवरी को मतदान है। इसी सिलसिले में 14 फरवरी को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भारतीय शिक्षा सदन इंटर कालेज के खेल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके साथ सांसद डिंपल यादव व स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन समेत कई अन्य स्टार प्रचारक आ रहे हैं। जनसभा स्थल के पास ही मुख्यमंत्री के लिए एक खेत में हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। देर शाम तक मंच और डी के साथ पूरे मैदान में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बेरीकेडिंग कराई जा रही है। साथ ही मंच के सामने लगने वाली बेरीकेडिंग में लोहे की जाली बंधवाई जा रही है। सोमवार को सयुस के पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अनिल आर्य ने कई सपा कार्यकर्ताओं के साथ जनसभा स्थल पर डेरा डाल लिया। दोपहर बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने जनसभा स्थल पर पहुंचकर वहां बनाए जा रहे हेलीपैड और मंच की व्यवस्थाओं को देखा और ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अजय श्रीवास टिंकू, गजेंद्र यादव, मो.आरिफ, राजेश कठेरिया एडवोकेट, विशुनदयाल सविता, लोकसभा क्षेत्र प्रभारी विधायक रामवृक्ष यादव, प्रधान नीरज यादव, सुनील यादव, ब्रजेश यादव, अभिषेक मिश्रा आदि मौजूद रहे।