सौरिख (कन्नौज) । एक्सप्रेसवे की पीली पट्टी पर ट्रक खड़ाकर हवा चेक कर रहे क्लीनर को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। उसे तिर्वा मेडिकल कॉलेज से हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई।
मैनपुरी जिले के थाना करहल के ग्राम नगला जोर निवासी पिंटू सिंह (34) साथी क्लीनर शैलेंद्र (30) के साथ सिरसागंज से ट्रक में आलू लादकर रायबरेली जा रहा था। शनिवार की रात लगभग साढ़े दस बजे थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास पिंटू ने ट्रक पीली पट्टी पर खड़ा कर दिया।
साथी शैलेंद्र से टायर की हवा चेक करने के लिए नीचे भेजा। इसी दौरान कोई वाहन ट्रक से सटकर निकला। इसकी चपेट में आने से शैलेंद्र गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे यूपीडा दल ने एंबुलेंस से तिर्वा मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां से शैलेंद्र की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
देर रात रास्ते में शैलेंद्र की मौत हो गई। हादसे की सूचना शैलेंद्र के परिजनों को दी गई। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।