उर्मदा ब्लाक पर धरना देता अंत्योद. कार्ड धारक। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
छिबरामऊ। नगर पालिका के सभासदों ने कार्ड धारकों को कम राशन देने वाले कोटेदारों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को सभासदों ने कोटेदारों के खिलाफ प्रदर्शन किया। जनवरी माह में होने वाले राशन वितरण के दौरान राशन कोटों पर मौजूद रहने का एलान किया।
सोमवार को नगर पालिका बोर्ड की बैठक के बाद सभासदों ने नगर के कोटेदारों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रदर्शन किया। सभासद रानू कुरैशी ने बताया कि नगर के कोटेदार कार्ड धारकों को कम राशन दे रहे हैं। कोटेदार कार्ड धारकों के यूनिट काट देते हैं। कुछ यूनिट जिला मुख्यालय पर जिला पूर्ति अधिकारी के कार्यालय से ही काटे जा रहे। बताया कि जनवरी में होने वाले राशन वितरण में सभी सभासद अपने-अपने क्षेत्र की राशन दुकानों पर मौजूद रहेंगे। वीडियो रिकार्डिंग के साथ राशन का वितरण कराएंगे। किसी भी कार्डधारक को एक भी दाना कम नहीं मिलने दिया जाएगा। सभासदों ने कोटेदारों की कार्यप्रणाली की शिकायत जिला पूर्ति अधिकारी से भी की। इस दौरान सभासद सुशील पांडेय, धर्मेंद्र दुबे, अतुल वर्मा, संजय सिंह उर्फ अक्कू भदौरिया, अरुण यादव टिंकी, शिवगोपाल, अरविंद गुप्ता, मंजरी देवी आदि लोग मौजूद रहे।