कन्नौज। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत जिले को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस राजकीय जिला पुस्तकालय और निःशुल्क कोचिंग केंद्र की सौगात मिली है। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बुधवार को इस केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया।
इससे पहले यह कोचिंग व्यवस्था पीएसएम डिग्री कॉलेज में संचालित की जा रही थी। राजकीय जिला पुस्तकालय का जो हॉल लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़ा था, मंत्री के निर्देशों पर उसका पूर्ण जीर्णोद्धार कर सर्वसुविधायुक्त क्लासरूम और आधुनिक पुस्तकालय का रूप दिया गया है। यहां कंप्यूटर जैसी डिजिटल सुविधाओं को भी बढ़ाया गया है, जिसका लाभ पुस्तकालय के पाठकों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को समान रूप से मिलेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता हर होनहार और जरूरतमंद छात्र को उसके गृह जनपद में ही उच्च स्तरीय निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराना है। अब युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्हें एक ही परिसर में शांत वातावरण, पठन सामग्री और विशेषज्ञों का सीधा मार्गदर्शन उपलब्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए खुला रहेगा, जहां जल्द ही नई पुस्तकें भी शामिल की जाएंगी।
इनसेट
नामांकन एवं फैकल्टी का ब्योरा
सिविल सेवा (यूपीएससी / यूपीपीएससी) : 56 छात्र
एनईईटी (मेडिकल): 35 छात्र
जेईई (इंजीनियरिंग): 30 छात्र
कुल योग: 121 छात्र