संवाद न्यूज एजेंसी
कन्नौज/छिबरामऊ/तिर्वा। सीमा पर देश के सैनिकों की शहादत के बाद चीन के खिलाफ लोगों में जबरदस्त गुस्सा दिख रहा है। गुरुवार को भी राजनीतिक, सामाजिक संगठनों और अधिवक्ताओं ने चीन के राष्ट्रपति का पुतला जलाकर वहां के सामान का बहिष्कार करने की अपील की।
छिबरामऊ के सराफान मोहल्ले में भाजपाइयों और हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने चीन के राष्ट्रपति का पुतला जलाया। भाजपा नेता ऋषभ मिश्रा ने कहा कि हम सभी को चीनी उपकरणों का बहिष्कार करना होगा, यह हमारे सैनिकों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। डॉ. प्रत्यूष दुबे, रोहित दीक्षित, अन्नू पांडेय, श्याम पांडेय, सोनू दीक्षित मौजूद रहे। हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष आशू तिवारी के नेतृत्व में मोहन मार्केट के सामने पुतला जलाया गया। अनुराग अग्निहोत्री, अक्षय पाठक, संतोष पांडेय, नितिन शुक्ला, पंकज तोमर, सागर गुप्ता, गोपाल चतुर्वेदी, मनोज गुप्ता, बंटी राजावत, विजय गुप्ता, आमोद पंडित शामिल रहे।
कांग्रेसियों ने प्रभात मार्केट में बैठक कर नाराजगी जताई। जिला उपाध्यक्ष विनोद दुबे ने कहा कि चीन हमारे सब्र का इम्तिहान न ले, भारत चीन को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम हैं। उन्होंने देश के हालातों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि चीन अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहा है। छोटा सा देश नेपाल जो आज तक भारत की सहायता ले रहा था, वह भी चीन व पाकिस्तान की शह पर आंखें तरेर रहा है। कांग्रेस अल्पसंख्यक सेल के प्रदेश समन्वयक संजय पॉल, उमर खान, देवकीनंदन दुबे, उपदेश तिवारी, विनोद दुबे पप्पू, ओम कुमार अग्निहोत्री, ओमप्रकाश अग्निहोत्री, धर्मेंद्र सविता व पारूल त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
तिर्वा के गांधी चौराहे पर पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव के नेतृत्व में सपाइयों ने चीन के विरोध में नारेबाजी कर चीनी सामान को तोड़ा और वहां का सामान न खरीदने का शपथ ली। चीन का पुतला भी जलाया। नवाब सिंह ने कहा सरकार को जल्द ही शहीद हुए सैनिकों का बदला लेना चाहिए। शहीदों के परिजनों को आर्थिक सहायता दें। अवनीश यादव, शनि यादव शामिल रहे।
सदर तहसील में अधिवक्ताओं ने चीन के प्रति नाराजगी जताकर शहीद स्मारक पर जाकर शहीद सैनिकों को मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अजय यादव, काशीराम कुशवाहा, राजेश श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।