गुगरापुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत सवा लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। अब पढ़ाई के दौरान अचानक बीमार पड़ने पर बच्चों को स्कूल परिसर में ही प्राथमिक उपचार मिलेगा। शासन ने विद्यालयों में प्राथमिक उपचार सुविधा शुरू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
जिले के 1459 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में यह सुविधा मिलेगी। साथ ही पांच कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में भी मेडिकल किट उपलब्ध कराई जाएगी। इन किटों में 10 प्रकार की आवश्यक दवाएं शामिल होंगी। यह किट कंपोजिट ग्रांट से खरीदी जाएंगी। यह आपात स्थिति में बच्चों को तुरंत राहत देने में सहायक होंगी। पहले विद्यालयों में तत्काल उपचार की समुचित व्यवस्था नहीं थी। मामूली बीमारी भी समय पर देखभाल न मिलने से गंभीर रूप ले लेती थी। नई व्यवस्था से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और अभिभावकों को मानसिक संतोष मिलेगा। बीएसए संदीप कुमार ने प्रधानाध्यापकों को किट खरीदने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण में किट न मिलने पर संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।
मेडिकल किट में शामिल दवाएं
मेडिकल किट में जीवन रक्षक घोल पाउडर और ओफ्लॉक्सासिन टैबलेट 100 मिलीग्राम होंगी। इसमें पैरासिटामॉल सिरप और ऑडेम सिरप भी शामिल किए जाएंगे। मेट्रोजिल सिरप और डाइक्लोमाइन सिरप भी किट का हिस्सा होंगे। बीटाडीन मरहम, रुई और पट्टी भी उपलब्ध रहेंगे। चिपकने वाली पट्टी और डाइक्लोफिनेक जेल भी इस आवश्यक किट में शामिल किया गया है।