दुर्घटना रहित दिवस में एआरटीओ कार्यालय ने कई
कार्यक्रमों का आयोजन किया। इसमें बच्चों व वाहन चालकों ने भाग लिया। इस
दौरान उन्हें दुर्घटनाओं से बचाव के बारे में जानकारियां दी गईं। ट्रैफिक
नियमों का पालन करने की नसीहत भी दी।
पुलिस लाइन स्थित सेंट जेवियर्स
स्कूल में मुफ्त नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें स्कूली
वाहन चलाने वाले चालकों और परिवहन निगम की बस चलाने वाले चालक के अलावा
मोटर यूनियन के चालकों का नेत्र परीक्षण किया गया। इस दौरान कई चालकों की
नजर कमजोर पाई गई। उन्हें चश्मा लगाने की सलाह दी गई।
इसी तरह स्कूल के
बच्चों में यातायात नियमों से संबंधित चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया
गया। इसमें बेहतर आए बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। बाद में
स्कूली बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। वाहन चालकों एवं स्कूल
के बच्चों को सड़क पर सुरक्षित ड्राइविंग करने के लिए यातायात नियमों से
संबंधित जानकारी के साथ ही शपथ दिलाई गई।
मैजिक में लाउड स्पीकर बांधकर
लोगों को यातायात नियमों से संबंधित प्रचार-प्रसार भी कराया गया। साथ ही
पंपलेट बांट कर यातायात के प्रति जागरूक किया गया। एआरटीओ ने बताया कि जनपद
के 23 दुर्घटना बाहुल्य स्थानों पर बैनर और पोस्टर लगाकर वाहन चालकों को
जागरूक किया गया।
इसके अलावा दोपहिया व चार पहिया वाहनों के प्रति चेकिंग
अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। वहीं छात्र-छात्राओं ने यातायात से जुड़े कई
तरह के चित्र भी बनाए। कार्यक्रम के दौरान एआरटीओ राहुल श्रीवास्तव,
प्रधानाचार्य तपस्या वर्मा, नेत्र सहायक एसके कटियार, जिला अस्पताल के
नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. आरपी शाक्या आदि मौजूद थे।