फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kannauj News: शिक्षकों की अंदरूनी कलह में मोहरा बने बच्चे

विज्ञापन
विज्ञापन
कन्नौज। जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) अनौगी में शिक्षकों की आपसी गुटबाजी और अंदरूनी खींचतान का खामियाजा मासूम छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। शिक्षकों के बीच जारी वर्चस्व की जंग में व्यवस्थाएं पूरी तरह चौपट हो चुकी हैं। गुरुवार को 95 विद्यार्थियों के कमरों में बंद होकर भूख हड़ताल पर बैठने के बाद जब जिला प्रशासन शुक्रवार को हरकत में आया। तो मामले की परतें उधड़नी शुरू हुईं।
विज्ञापन

डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देश पर डीआईओएस पप्पू सरोज अनौगी स्थित नवोदय विद्यालय पहुंचे। उन्होंने विद्यालय की प्रार्थना सभा में भाग लिया और पूरे घटनाक्रम की गहनता से पड़ताल की। जांच के दौरान उन्हाेंने न केवल प्रशासनिक जांच की, बल्कि खुद कक्षा 12 के छात्रों के बीच पहुंचे और एक घंटे तक उन्हें पढ़ाया। इसके बाद वह विद्यालय की मेस में पहुंचे और छात्रों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वाद का बारीकी से निरीक्षण किया।
डीआईओएस ने बताया कि शुरुआती जांच में विद्यालय के शिक्षकों के बीच गुटबाजी और खींचतान के कई गंभीर तथ्य सामने आए हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि शिक्षकों ने अपनी निजी खुन्नस निकालने के लिए बच्चों को मोहरा बनाया है। विदित हो कि 95 छात्र-छात्राओं ने खुद को कमरों में बंद कर भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। छात्रों ने विद्यालय प्रशासन, प्रधानाचार्य और कई शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाए थे। शिक्षकों और प्रधानाचार्य पर छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया था तो मेस में घटिया स्तर का खाना परोसने की शिकायत की थी। मामला बिगड़ता देख डीएम खुद मौके पर पहुंचे थे और काफी समझाने-बुझाने के बाद बच्चों को भूख हड़ताल खत्म करने के लिए राजी किया था।
विज्ञापन


अभिभावक-शिक्षक बैठक में उठेगा मुद्दा, गाज गिरना तय
डीआईओएस बताया कि जांच रिपोर्ट तैयार कर जवाहर नवोदय विद्यालय समिति (जयपुर व नोएडा) को पत्राचार किया जा रहा है। गुटबाजी में शामिल और व्यवस्था बिगाड़ने वाले कई शिक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होना तय माना जा रहा है। इसके अलावा, स्थिति को सामान्य करने और पारदर्शिता लाने के लिए जल्द ही अभिभावक-अध्यापक एसोसिएशन (पीटीए) की एक विशेष बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें पालकों के समक्ष पूरे मामले और व्यवस्था सुधार के मुद्दों को प्रमुखता से रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि बच्चों को सिर्फ मोहरा बनाया गया था।

वर्जन
जिला प्रशासन बच्चों के साथ है। पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। विद्यालय में जिले के सभी अधिकारी रैंडम निरीक्षण करेंगे। इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
विज्ञापन

-आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, जिलाधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें