तिर्वा(कन्नौज)। शिक्षक के छात्रा से छेड़खानी करने की जानकारी पर परिजनों व ग्रामीणों ने स्कूल में हंगामा किया। शिक्षक ने भागने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिक्षक को हिरासत में ले लिया है। छात्रा की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में बीएसए केके ओझा ने कहा कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली इलाके के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में गांव की करीब 10 वर्षीय बालिका कक्षा छह की छात्रा है। बुधवार को वह रोज की तरह स्कूल आई थी। आरोप है कि यहां तैनात शिक्षक लोकेश कुमार त्रिपाठी ने छात्रा को पढ़ाई के बहाने कमरे में ले जाकर छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्रा के शोर मचाने पर ग्रामीण पहुंच गए। इन्होंने परिजनों को जानकारी दी। परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस पर शिक्षक स्कूल से भागने का प्रयास करने लगा। ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस व बीएसए कार्यालय को घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा व ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। स्कूल में मौजूद छात्राओं ने भी शिक्षक के छेड़छाड़ करने की शिकायत की। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया। छात्रा की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं प्रधान ने बताया कि शिक्षक के छात्राओं से छेड़छाड़ की शिकायत मिली थी। इस पर शिक्षक को समझाया था। शिक्षक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। वहीं शिक्षक ने बताया कि आरोप गलत है। शिक्षण के दौरान छात्रा को डांट दिया था। इसी को लेकर झूठी शिकायत की गई है।
शिक्षकों ने की घटना की जांच की मांग
जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विवेक चतुर्वेदी मामले की जानकारी पर कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने आरोपी शिक्षक से घटना कि जानकारी ली। शिक्षकों ने कहा कि घटना की जांच होनी चाहिए। शिक्षक ऐसा घिनौना कार्य नहीं कर सकता।