राजकीय मेडिकल कालेज क्षेत्र के मरीजों को नए वर्ष
में क्रिटिकल बीमारियों के परीक्षण की सुविधा की सौगात देने जा रहा है।
जनवरी माह के प्रथम सप्ताह से माइक्रोबायलाजी विभाग में डेंगू, एचआईवी,
एचवीएसएजी एवं एसबीसी की जांच की सुविधा उपलब्ध होगी।
अभी तक यह सुविधा न
हो पाने के कारण मरीजों के ब्लड के सैंपल लखनऊ व कानपुर भेजने पड़ते थे,
पर अब ऐसा नहीं होगा। माइक्रोबायलाजी विभाग के हेड आफ डिपार्टमेंट के डा.
संजीव त्रिपाठी ने बताया कि मेडिकल कालेज में एलाइजा मशीन मुहैया हो गई है।
इस मशीन के जरिए मरीजों के ब्लड परीक्षण से डेंगू की पुष्टि की जा सकती
है।
इसके अलावा इसी मशीन से एचआईवी व एससीबी, एचवीएसएजी के परीक्षण की भी
सुविधा मुहैया हो जाएगी। जनवरी माह के प्रथम सप्ताह से सभी जांचे शुरू हो
जाएंगी। अभी तक मशीन न होने के कारण गंभीर बीमारियों की जांचे नहीं हो पाती
थी। इस वजह से मरीजों को मजबूरन कानपुर या लखनऊ जांच के लिए रेफर करना
पड़ता था।
प्राचार्य डा. डीएस मारतोलिया ने बताया कि मेडिकल कालेज में
जल्द ही सीटी स्कैन मशीन भी मुहैया हो जाएगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया
जारी कर दी गई है। वहीं तिर्वा सीएचसी का नया भवन बनकर तैयार हो चुका है,
जो नए साल में कामकाज करना शुरू कर देगा।
इसमें रैन बसेरा भी बना है, जो
रात के वक्त मरीजों के तीमारदारों के ठहरने में होने वाली दिक्कतों से
निजात दिलाएगा। एक्सरे कक्ष एवं पैथोलाजी विभाग के भी कक्ष बनने व मशीन
लगने से जांच की सुविधाएं भी लोगों को यहीं पर मिल सकेंगी। जिला अस्पताल
में ट्रामा सेंटर भी इसी साल स्वास्थ्य सुविधाएं देने लगेगा, जिससे मरीजों
को गंभीर हालत में कानपुर व लखनऊ की दौड़ कम लगानी पड़ेगी।