कन्नौज जिले के तालग्राम में पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी का झांसा देकर जनसेवा केंद्र संचालक से 7.40 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने सीएम से मामले की शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। तालग्राम मोहल्ला गढ़वा टोला निवासी हिमांशु त्रिपाठी जनसेवा केंद्र संचालक हैं।
उन्होंने बताया कि कोतवाली छिबरामऊ निवासी युवक ने पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी का लालच देकर 15 लाख रुपये मांगे। भरोसा कर फरवरी से मई 2022 तक कई किस्तों में बैंक के माध्यम से 11 लाख रुपये पेट्रोल पंप मालिक के पुत्र के खाते में भेज दिए। पंप में जब हिस्सेदारी नहीं मिली तो पीड़ित ने रुपये वापस मांगे। तब पेट्रोल पंप मालिक के बेटे ने 1.14 लाख रुपये नकद वापस कर दिए। साथ ही 7.40 लाख रुपये की तीन बैंक चेक भी दी। हिमांशु ने बताया कि जब चेक लेकर बैंक से रुपये निकालने गया, तो खाते में पर्याप्त धन न होने की वजह से सारी चेक बाउंस हो गई। कई कोशिशों के बावजूद रुपये वापस नहीं मिले हैं।