कन्नौज। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए आवंटन मिल गया है। परीक्षकों की सूची भी आ गई है। 3.39 लाख हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की कॉपियां 1527 परीक्षक जांचेंगे। इसके अलावा 163 उप प्रधान परीक्षक (डीएचई) निगरानी भी करेंगे।
डीआईओएस/उप शिक्षा निदेशक राजेंद्र बाबू ने बताया कि शहर के एसवीएस इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की कॉपियां जांची जाएंगी। यहां के लिए 11 विषयों की 1,94,317 उत्तरपुस्तिकाओं का आवंटन आया है। बोर्ड ने इस मूल्यांकन केंद्र पर 956 परीक्षक और 97 उप प्रधान परीक्षक लगाए हैं। उन्होंने बताया कि इसी तरह इंटरमीडिएट की कॉपियों के मूल्यांकन के लिए 571 परीक्षक और 66 उप प्रधान परीक्षकों की सूची आ गई है। केके इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र में इंटरमीडिएट के 37 विषयों की 1,45,533 कॉपियों का आवंटन आया है।
उन्होंने बताया कि एक ट्रक से हाईस्कूल की कॉपियां भी आ गईं हैं। 18 मार्च से मूल्यांकन कार्य शुरू हो जाएगा। बुधवार को उन्होंने कार्यालय के अनुज कटियार व रजनीश सिंह के साथ इसको लेकर चर्चा भी की।