जलालपुर पनवारा में दुकान का टूटा शटर।
- फोटो : KANNAUJ
जलालपुर(कन्नौज)। सर्दी में चौकी पुलिस आग से हाथ सेंकती रही और चोरों ने पास की इलेक्ट्रानिक दुकान का शटर तोड़कर लाखों का सामान पार कर दिया। सुबह शटर टूटा देखकर दुकानदार के होश उड़ गए। पुलिस ने अब छानबीन शुरू की है।
सदर कोतवाली के जलालपुर पनवारा में सुमित दुबे पुत्र कृष्ण चंद्र की जीटी रोड पर पश्चिमी ओवरब्रिज के पास बालाजी इलेक्ट्रानिक्स के नाम से दुकान है। मंगलवार रात चोराें ने दुकान का शटर तोड़ दिया। अंदर रखे इंडक्शन, पंखा, कॉपर केबल समेत करीब तीन लाख का सामान समेट ले गए। पुलिस चौकी से महज 100 कदम की दूरी पर चोराें ने यह वारदात अंजाम दी है। पुलिस को भनक तक नहीं लगी। सुबह इलाकाई लोगों ने शटर टूटा देखकर सुमित को चोरी की जानकारी दी। इससे सुमित के होश उड़ गए।
सूचना पर पहुंचे जलालपुर चौकी प्रभारी राहुल कुमार शर्मा ने आसपास खेतों में छानबीन की। इस दौरान केबल के कुछ बंडल पड़े मिले। एएसपी विनोद कुमार ने जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। दुकानदार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।