जिले में आशा संगिनी के चयन में अनियमितताएं बरती गई हैं। अंक बेहतर होने के बावजूद कई आवेदन करने वाली महिलाओं को शामिल नहीं किया गया है। इसे लेकर महिलाओं ने जिलाधिकारी से शिकायत की है।
किरन देवी, प्रेमलता, पूजा यादव, छुन्नी देवी यादव, दीप्ति सक्सेना, रुचिता, सुमनलता, दीपिका ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में कहा कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालग्राम में आशा बहू हैं। सभी ने संगिनी के चयन के लिए आवेदन पत्र दिया है।
शुरू से ही अपनी प्रतिद्वंदी से बेहतर काम किया। इंटरव्यू, साक्षात्कार, साइकिल टेस्ट में अच्छे अंक पाए। पात्र होने के बावजूद उनका चयन नहीं किया गया।
आरोप है कि कम अंक पाने वाले अपात्रों का चयन रिश्वत लेकर किया गया है। इस मामले में मुख्य चिकित्साधिकारी से शिकायत की गई, लेकिन अभिलेखों से छेड़छाड़ करके दूसरे का चयन कर दिया गया। उन्होंने जांच कराकर उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
इसी तरह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तालग्राम के गांव ताहपुर निवासी अमिता पटेल ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में लिखा है कि आशा संगिनी के चयन में धांधली की गई है।
उनका आरोप है कि उनके यहां चयनित की गई शिखा के डाट्स संबंधी प्रमाणपत्र फरजी हैं। कार्य एवं योग्यता की जांच कराकर कार्रवाई की गुहार लगाई गई है।
सीएमओ डा. पीएन वाजपेयी का कहना है कि शिकायतें मिली हैं। जिसके आधार पर जांच कराई जा रही है। जिस आवेदक के बेहतर अंक होंगे, उसी का चयन किया जाएगा।