गुगरापुर (कन्नौज)। ट्रैफिक पुलिस की ओर से किया गया चालान कोर्ट पहुंच गया है तो वाहन स्वामी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। न ही कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ेंगे। परिवहन मंत्रालय ने ई-चालान पोर्टल पर अब भुगतान करें की सुविधा शुरू हो गई है। इससे वाहन स्वामी चालान का ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं।
ऐसे लोगों के लिए यह राहत भरी खबर है, जिनके चालान कोर्ट में लंबित हो जाते हैं। साथ ही उन्हें भुगतान के लिए पेशी पर निर्भर रहना पड़ता है। अब यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल हो गई है और एक क्लिक में ही घर बैठे भुगतान किया जा सकता है। टीएसआई अरशद अली के अनुसार इस सुविधा से नागरिकों को चालान भुगतान के लिए कोर्ट के चक्कर में समय व पैसा बर्बाद नहीं करना पड़ेगा। अब घर बैठे ही चालान का ऑनलाइन भुगतान कर रसीद भी डाउनलोड कर सुरक्षित रख सकते हैं। किसी भी ऑनलाइन प्रक्रिया से भुगतान किया जा सकता है।
वर्जन
परिवहन मंत्रालय की ओर से ई-चालान पोर्टल पर शुरू की गई अब भुगतान करें की सुविधा एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे कोर्ट भेजे गए चालानों का भुगतान भी ऑनलाइन किया जा सकेगा। नागरिकों को कोर्ट भी नहीं जाना पड़ेगा।
आफाक खान, यातायात प्रभारी