ठगी के आरोपी अमन को कोतवाली से जेल ले जाती पुलिस।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। सराफा कारोबारी अखिलेश्वर प्रसाद वर्मा की हत्या के मामले में जेल में बंद उसके छोटे भाई को छुड़ाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी अमन कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। साथ ही इस मामले में शामिल रहे अमन के एक साथी की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है।
छिबरामऊ के मोहल्ला मुसाहिब चौबे निवासी सराफ अखिलेश्वर प्रसाद वर्मा (57) की 22 दिसंबर 2018 को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। अखिलेश्वर की पत्नी मुन्नी देवी ने देवर अमित कुमार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के पीछे जमीन का विवाद में बताया गया था। घटना के बाद से अमित कुमार जेल में बंद है। 14 फरवरी को हत्यारोपी अमित की पत्नी शिवांगी से पति को जेल से छुड़ाने के नाम पर गुरसहायगंज कोतवाली के भवानीपुर नौरंगपुर निवासी हरिश्चंद्र के बेटे अमन कुमार ने चार लाख रुपये ठग लिए थे। सदर कोतवाली प्रभारी नागेंद्र कुमार पाठक और दरोगा रामज्ञा चौबे ने शुक्रवार सुबह बस स्टाप से अमन को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अमन ने बताया कि छिबरामऊ निवासी जीतू बवाली नाम के व्यक्ति ने ठगी की साजिश रची थी। शिवांगी से कन्नौज में चार लाख रुपये ठगने के बाद जीतू ने 60 हजार रुपये लिए थे। दरोगा रामाज्ञा चौबे ने बताया कि जीतू की तलाश शुरू कर दी गई है। गुरुवार को आरोपी अमन की बुलट बाइक पुलिस ने बरामद की थी।