सौरिख(कन्नौज)। आगरा से बिहार जाते समय चालक को झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए गड्ढे में गिर गया। हादसे में ट्रक के चालक व क्लीनर घायल हो गए। ट्रक में लदा सामान बिखर गया।
हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बहादुरपुर गांव के सामने हुआ। राजस्थान के जिला अलवर थाना रामगढ़ के गांव सरहता निवासी ट्रक चालक साहुन(30) पुत्र छोटा खान हेल्पर तौहीद(23) के साथ आगरा से बोतलों में पैक तेल लेकर बिहार जा रहे थे। सोमवार की रात डेढ़ बजे के लगभग चालक साहुन को झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए गड्ढे में गिर गया। हादसे में ट्रक चालक व क्लीनर घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह, नामवर सिंह व गश्ती टीम के अनिल मिश्रा ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया। बाद में क्रेन से ट्रक को हटवा कर टोल प्लाजा पर खड़ा कराया गया।