कसबे से करीब दो किमी दूर ठठिया-जैनपुर मार्ग पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे किनारे प्रस्तावित नवीन मंडी का विधि विधान से बुधवार को भूमि पूजन किया गया। इसके बाद मंडी के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया।
महानिदेशक मंडी समिति उत्तर प्रदेश डा. अनूप यादव एवं अपर निदेशक प्रशासक डा. रामविलास यादव के निर्देश पर मुख्य अभियंता मंडी परिषद लखनऊ हाकिम सिंह यादव बुधवार को दोपहर करीब दो बजे ठठिया पहुंचे। इसके बाद मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन हुआ। श्री यादव ने बताया कि 82 एकड़ भूमि में मंडी बनाई जाएगी। इसकी लागत 100 करोड़ रुपये है। मंडी समिति का निर्माण दो चरणों में पूरा किया जाएगा। प्रथम चरण में 65 करोड़ रुपये का काम होगा। दूसरे चरण में अगले वित्तीय वर्ष में 35 करोड़ रुपये का अवशेष काम होगा।
उन्होंने बताया कि इस मंडी में विश्व स्तरीय आलू मंडी बनेगी। यहां से आलू देश के सभी राज्यों के अलावा विदेशों में भी निर्यात किया जाएगा। मंडी के अंदर दो कोल्ड स्टोरेज भी बनेंगे। साथ ही विश्व स्तरीय प्रोसेसिंग यूनिट भी लगेगा। गाजियाबाद की ग्लेयर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड कंपनी को मंडी बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। मंडी समिति का प्रथम चरण का निर्माण 15 महीने में पूर्ण कर लिया जाएगा।
आचार्य हरी शंकर तिवारी ने भूमि पूजन कराया। इस मौके पर डा. अमित यादव उप निदेशक कानपुर मंडी, आरपी यादव सहायक अभियंता, आरबी पाल सहायक अभियंता, जेएस रौतेला अवर अभियंता, राजीव कपूर ठेकेदार, ब्लाक प्रमुख इंद्रेश यादव, हरिओम यादव, विवेक यादव आदि मौजूद रहे।