तिर्वा। सीडीओ आरएन सिंह ने सोमवार को डीएन कालेज में कायाकल्प योजना को लेकर प्रधानाध्यापकों और सचिवों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के सुंदरीकरण के लिए चल रही कायाकल्प योजना को लेकर प्रधानाध्यापक गंभीर हो जाएं। स्कूलों में कायाकल्प के अधूरे काम गणतंत्र दिवस से पहले पूरे कर लें। कार्य में लापरवाही बरते जाने पर प्रधानाध्यापक दंडित होंगे।
सीडीओ ने कहा कि विद्यालयों में होने वाले कामों का प्रस्ताव बनाकर सचिवों को दे दें। स्कूलों में कायाकल्प के तहत सुंदरीकरण का काम चल रहा है। प्राथमिक व जूनियर विद्यालयों में पेयजल, बिजली, शौचालय का निर्माण कराया जाए। इससे यहां पढ़ने वाले छात्रों को किसी प्रकार से कोई परेशानी न हो। उन्होंने उमर्दा ब्लाक के अंतर्गत आने वाले परिषदीय विद्यालयों में योजना में लापरवाही देख नाराजगी जताई। कहा कि ब्लाक स्तर से धन के आधार पर विद्यालयों में कायाकल्प के तहत काम करें। अगर गणतंत्र दिवस तक विद्यालय में योजना के तहत कार्य नहीं हुए तो संबंधित प्रधानाध्यापक और सचिव पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीपीआरओ जितेंद्र कुमार मिश्र, बीएसए केके ओझा, बीईओ अरविंद कुमार, बीडीओ सरला देवी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।