फर्जीवाड़े और धोखाधड़ी के मामले में पिछले कई वर्षों से फरार चल रहे शहर के नटवरलाल की तलाश में सीबीआई ने नगरपालिका पहुंचकर उससे जुड़े तथ्यों की जानकारी ली और अभिलेख देखे।
नगर के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी उमाशंकर राठौर के खिलाफ लखनऊ सीबीआई कोर्ट में धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े से संबंधित मामला दर्ज है। इस मामले में वह पिछले करीब 15 साल से भी अधिक समय से फरार चल रहा है। इस मामले की जांच सीबीआई द्वारा की जा रही है।
सीबीआई लखनऊ के विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा उसकी गिरफ्तारी का वारंट भी जारी किया जा चुका है। मंगलवार को सीबीआई लखनऊ की टीम ने उमाशंकर से जुड़े कई तथ्यों की जानकारी कर छानबीन की। इसके बाद नगरपालिका पहुंचकर उसके नाम दर्ज संपत्ति और टैक्स अदा करने के साथ कई अन्य बिंदुओं पर जानकारी ली।
टीम के अधिकारी ने नगरपालिका के प्रभारी ईओ एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित और सफाई निरीक्षक बहोरन सिंह पुष्कर से भी मुलाकात कर बातचीत की। पालिका अधिकारियों ने बताया कि उमाशंकर राठौर के नाम पालिका अभिलेखों में कोई भी संपत्ति दर्ज नहीं है।