तिर्वा। लखनऊ से जयपुर जा रही कैश वैन आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से गुजरते समय आगे चल रहे अज्ञात भारी वाहन से टकरा गई। हादसे में वैन चालक की मौत हो गई। गाड़ी में भारी मात्रा में नकदी थी, इसलिए उसे पूरे दिन सुरक्षा घेरे में रखा गया। देर शाम लखनऊ से आई दूसरी वैन में रकम के बक्से को शिफ्ट कर रवाना किया गया।
हादसा रविवार की रात करीब एक बजे तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के उमरियापुरवा गांव के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कैश वैन आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। हादसे में वैन चालक जयपुर के करतारपुर थाना क्षेत्र के भगवतीनगर निवासी नागेंद्र सिंह व सुरक्षाकर्मी बुरी तरह से घायल हो गए। अज्ञात वाहन सवार मौके से वाहन लेकर निकल गया।
वहीं, सूचना पर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह व यूपीडा कर्मियों ने वैन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उन्हें मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने वैन चालक नागेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। सुरक्षाकर्मी का इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी।
वैन को कब्जे में लेकर पुलिस ने कोतवाली में खड़ा कर दिया। कैश की सुरक्षा के लिए सीसी कैमरा की निगरानी के साथ कस्बा इंचार्ज को जिम्मेदारी दी गई । कोतवाल ने बताया कि वैन लखनऊ से कैश लेकर जयपुर जा रही थी। हादसे में चालक की मौत हो गई। सुरक्षाकर्मी का इलाज कराया जा रहा है।