कन्नौज। पीएम पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना के अंतर्गत अब विद्यालयों में बच्चों को पूरक पोषक तत्व दिए जाएंगे। बच्चों को प्रत्येक बृहस्पतिवार को गुड़ और चने की पट्टी दी जाएगी, इसके लिए शासन से पांच रुपये प्रति बच्चा के हिसाब से बजट निर्धारित किया गया है। योजना नवंबर माह से प्रारंभ होगी जो मार्च तक चलेगी।
परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत मेन्यू के अनुसार भोजन दिया जाता है। अब शासन ने सप्ताह में एक दिन पूरक पोषक तत्व देने का प्रावधान किया है। इसके तहत विद्यालयों में नवंबर माह से प्रत्येक बृहस्पतिवार के दिन शिक्षण कार्य शुरू होने से पहले बच्चों को मूंगफली की चिक्की, गुड़, तिल और मूंगफली की पट्टी, रामदाना का लड्डू या बाजरे का लड्डू को प्रति छात्र 20 ग्राम मात्रा में वितरित किया जाएगा। इसके अलावा 50 ग्राम भुने हुए चने का भी प्रावधान किया गया है। यदि बृहस्पतिवार को अवकाश है तो अगले दिन वितरित किया जाएगा।
वैसे तो शासन से बृहस्पतिवार का दिन निर्धारित किया गया है, लेकिन जिले में सुविधानुसार डीएम कोई भी दिन निर्धारित कर सकते हैं। एक शैक्षिक सत्र में 19 विद्यालय दिवस में पूरक पोषक तत्वों का वितरण किया जाएगा।