कस्बे की बैंक ऑफ इंडिया में कैश खत्म होने पर ग्राहकों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां पटक भीड़ को तितर बितर कर दिया। इस दौरान एक युवक घायल हो गया। भगदड़ से महिला गश खाकर गिर पड़ी। इससे गुस्साए ग्राहकों ने छिबरामऊ- सौरिख मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने करीब दो घंटे बाद समझा बुझाकर रास्ता खुलवाया।
मंगलवार को बैंक ऑफ इंडिया का ताला खुलने से पहले ही ग्राहकों की काफी लंबी लाइनें लग चुकी थी। दोपहर करीब साढ़े 11 बजे अचानक कैश खत्म हो गया। इससे सुबह से लाइन में खड़े लोगों का धैर्य जवाब दे गया और वे हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां पटक कर भीड़ को तितर बितर करना चाहा।
इस दौरान भगदड़ की नौबत हो गई। गिरने से ग्राम राजापुर निवासी रामचंदर पुत्र सुखराम सिंह घायल हो गया, जहबकि मोहल्ला संजयनगर निवासी हरीशचंद्र की पत्नी ब्रजरानी गश खाकर गिर पड़ी। लोगों ने किसी तरह पानी की छीटें मार उन्हें होश में लाया। घायल रामचंदर को उपचार के लिए प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया।
इसके बाद पुलिस पर लाठी चार्ज करने का आरोप लगा ग्राहकों ने रास्ता जाम कर दिया। करीब दो घंटे बाद एसआई महे द्र सिंह गौतम ने लोगों को समझा कर रास्ता खुलवाया। उधर, बैंक शाखा प्रबंधक प्रवेंद्र गुप्ता ने बताया कि जितना कैश था बांट दिया गया। कैश आते ही लोगों को भुगतान किया जाएगा।