छिबरामऊ। चोरों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए दो घरों के ताले तोड़कर 40 हजार रुपये और जेवर पार कर दिए। चोर एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी खोल ले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
छिबरामऊ देहात के ग्राम सराय गूजरमल निवासी रंजीत दीपावली पर घर में ताला डालकर परिवार के साथ अपने गांव लोकपुर उर्फ शंकरपुर गए थे। रविवार रात किसी समय चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। कमरों में रखी अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
सोमवार को पड़ोसी की सूचना पर पहुंचे रंजीत ने घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी से दो जंजीर, चार अंगूठी, दो पायलें, एक जोड़ी झुमकी व तीस हजार रुपये गायब थे। साथ ही चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी खोल ले गए। इसी मोहल्ले में राजेश के भी मकान में ताला डालकर अपने गांव थानपुर गए थे।
इनके मकान से भी चोरों ने ताले तोड़कर सोने व चांदी के जेवरात समेत 10 हजार रुपये चोरी कर ले गए। रंजीत ने बताया कि पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में रात करीब 1:30 बजे तीन चोर गली में दिखाई दे रहे हैं।
कोतवाल सचिन कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना पर पुलिस टीम भेजकर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी कैमरों से मिले फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।