एसएनसीयू में रेडियंट वार्मर पर भर्ती नवजात।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। तालग्राम सीएचसी से गैरकानूनी तरीके से बच्ची को गोद देने के मामले की जांच मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के स्वरूप ने एसीएमओ केसी राय को सौंपी है। तीन दिन में रिपोर्ट मांगी गई है। शिकंजा कसता देख सीएचसी तालग्राम में हड़कंप मचा है। सीएमओ ने दो लोगों की मिलीभगत की बात सामने आने की बात कही है।
बुधवार सुबह सीएचसी तालग्राम में जन्मी बच्ची को माता-पिता छोड़कर चले गए थे। सीएचसी स्टाफ की देखरेख में रखी गई बच्ची को गुरुवार रात अवैध तरीके से बरेली की एक महिला को गोद दे दिया गया था। शुक्रवार सुबह जिला बाल संरक्षण इकाई की सदस्य रूबी पाल सीएचसी पहुंचीं। उन्होंने बच्ची के बारे में जानकारी की तो स्टाफ टालमटोल करने लगा। तालग्राम पुलिस के कार्रवाई की चेतावनी देने पर स्टाफ ने हकीकत बयां की थी। बताया था कि सीएचसी के एक कर्मचारी ने फर्रुखाबाद के एक नर्सिंग होम संचालक के साथ मिलकर बरेली की महिला को बच्ची गोद दे दी है। मामला बढ़ता देख पिता के हाथ बच्ची को सीएचसी भिजवा दिया गया। बच्ची का इलाज जिला अस्पताल के एसएनसीयू (सिक एंड न्यू बोर्न केयर यूनिट) में चल रहा है।
सीएमओ ने बताया कि मामले की जानकारी होने पर उन्होंने इस बाबत एमओआईसी तालग्राम उमेश चंद्र से जानकारी की थी। जिस दिन यह प्रकरण हुआ, वह अवकाश पर थे। तालग्राम सीएचसी स्टाफ की ओर से इस तरह की हरकत गंभीर लापरवाही की सूचक है। एसीएमओ डॉ. केसी राय को पूरे मामले की जांच देकर तीन दिन में रिपोर्ट तलब की गई है। दोषियों पर हर हाल में कार्रवाई होगी।
बच्ची की हालत स्थिर, आज आएगी जांच रिपोर्ट
जिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में भर्ती नवजात बच्ची की हालत स्थिर है। संक्रमण की आशंका में भेजे गए खून के नमूने की रिपोर्ट आज मिलेगी। इसके बाद संक्रमण की सही जानकारी होगी। बच्ची का इलाज कर रहे बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेश यादव ने बताया कि बच्ची को चम्मच से दूध दिया जा रहा है। दो-दो एमएल दूध हर दो घंटे में दिया जा रहा है। बच्ची दूध पी रही है। उम्मीद है कि बच्ची की हालत में जल्द सुधार होगा। उधर, कानपुर की सुभाष चिल्ड्रेन सोसाइटी के अध्यक्ष की ओर से पूरे मामले की शिकायत केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (कारा) नई दिल्ली से करने की जानकारी होने से भी तालग्राम सीएचसी में हड़कंप है। उम्मीद है कि कारा की ओर से सीएमओ से रिपोर्ट मांगी जा सकती है।
एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं अफसर
सीएचसी से लापता हुई नवजात बच्ची के मामले में कार्रवाई से बचने के लिए अफसर एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। सीएमओ के आदेश के बाद भी जांच में टाल मटोल की जा रही है। एमओआईसी डिप्टी सीएमओ से जांच की बात कह रहे हैं। बच्ची के गुरुवार शाम सीएचसी से रहस्यमय ढंग से लापता होने और दूसरे दिन फर्रुखाबाद में मिलने पर डीएम ने सख्त रुख दिखाया था। सीएमओ ने तीन दिन में तालग्राम के एमओआईसी से जांच कर रिपोर्ट मांगी थी। इसके बावजूद अभी तक किसी भी कर्मचारी से जवाब नहीं मांगा गया है। एमओआईसी अभी तक जांच की बात कहते रहे। अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है। उन्होंने यह कहते हुए जांच से इंकार कर दिया है कि यह गंभीर मामला है। उच्चाधिकारी जांच करेंगे। इससे साबित होता है कि बेहद गंभीर मामले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि किसी दूसरे विभाग से जांच कराई जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी। तालग्राम के एमओआईसी का कहना है कि डिप्टी सीएमओ डॉ केसी राय जांच करेंगे। फोन से उनसे वार्ता हुई है। वह एक दो दिन में सीएचसी आकर कर्मचारियों से पूछताछ करेंगे।