कन्नौज। मनरेगा के तहत आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण में धांधली को लेकर सदर ब्लॉक प्रमुख ने बीडीओ, जेई और अकाउंटेंट के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि तीनों ने आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण दर्शाकर 5.50 लाख रुपये निकाल लिए। इसके बावजूद मौके पर कोई काम नहीं हुआ। ब्लॉक प्रमुख ने गबन की धनराशि वसूल किए जाने की मांग भी की है।
सदर ब्लॉक प्रमुख रामू कठेरिया ने बताया कि ग्राम पंचायत टिड़ियापुर में सदर ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी अमित कुमार सिंह, अवर अभियंता संतोष कुमार व अकाउंटेंट योगेश कुमार शुक्ला ने साजिश कर ग्राम टिडियापुर के एक आंगनबाड़ी केंद्र का फर्जी निर्माण दिखा कर 17 अक्तूबर को 5,59,318 रुपये निकाल लिए। मौके पर जाकर देखा तो केंद्र का निर्माण नहीं हुआ था। ब्लॉक प्रमुख का आरोप है कि अधिकारियों ने गबन पर पर्दा डालने के लिए 22 अक्तूबर की देर रात जेसीबी लगाकर नींव खोदी गई और वहां पर गुणवत्ताविहीन ईट गिराईं गईं।
उन्होंने, प्रधान टिड़ियापुर कप्तान सिंह व ग्रामवासियों द्वारा निर्माण-स्थल पर कैंप किया गया और तय किया गया, जब तक गबन की जांच नहीं होगी, तब तक वहां किसी प्रकार का निर्माण नहीं करने दिया जाएगा। समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने भी मामले की जांच के आदेश दिए थे। ब्लॉक प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीडीओ, जेई व अकाउंटेंट ने सरकारी धन का दुरुप्रयोग किया है, जिसकी वसूली की जानी चाहिए। पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख की तहरीर पर सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया है।एसपी अमित कुमार आनंद का कहना है कि ब्लॉक प्रमुख की तहरीर पर बीडीओ, जेई व अकाउंटेंट के खिलाफ सरकारी धन के गबन का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।