मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं
के चल रहे धरना-प्रदर्शन के बाद रविवार को सदर विधायक का घेराव कर ज्ञापन
सौंपा।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की एसोसिएशन जिलाध्यक्ष
ममता मिश्रा की अगुवाई में कन्नौज शहर अध्यक्ष मुन्नी राठौर, तालग्राम
अध्यक्ष किरन द्विवेदी, जलालाबाद अध्यक्ष सुशीला चौहान, हसेरन अध्यक्ष पूनम
द्विवेदी, उमर्दा अध्यक्ष निशा सेंगर समेत सैकड़ों आंगनबाड़ी
कार्यकत्रियों ने सबसे पहले बोर्डिंग मैदान पर बैठक की।
इस दौरान मांगों से
संबंधित जानकारियां दीं। घंटों चली बैठक के बाद जुलूस की शक्ल में
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां जीटी रोड तिर्वा क्रासिंग पहुंचीं। जहां उन्होंने
जीटी रोड पर बैठकर जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
इस दौरान वाहनों का दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
सूचना पाकर क्षेत्राधिकारी
सदर करन सिंह सहित कोतवाली प्रभारी श्यामवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर
पहुंचे। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मांग रखी कि जब तक सदर विधायक मौके
पर पहुंचकर उनकी समस्याएं नहीं सुनते तब तक वह नहीं हटेंगी। तत्काल पुलिस
ने सदर विधायक अनिल दोहरे को फोन कर सूचना दी।
सूचना पर वह तत्काल मौके पर
पहुंचे। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने उनका घेराव कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। मानदेय 15
हजार रुपये दिया जाए। आईसीडीएस में ठेकेदारी व्यवस्था को समाप्त किया जाए।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को उनके विभाग के अलावा अन्य कोई जिम्मेदारियां न
दी जाएं।
साथ ही मंत्री, विधायकों के वेतन में हर बार वृद्धि की जाती है,
पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि नहीं की
जाती, उनके मानदेय में भी वृद्धि की जाए। बाद में आंगनबाड़ी
कार्यकत्रियों ने 15 फरवरी को दिल्ली में होने वाले धरना प्रदर्शन के बारे
में जानकारी दी।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि 14 फरवरी को आंगनबाड़ी
कार्यकत्रियां व सहायिकाएं दिल्ली के लिए रवाना होंगी। 15 फरवरी को
जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।