सकरावा रोड पर एक डिग्री कालेज के पास साइकिल सवार को बचाने का प्रयास में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार आठ बच्चों समेत 13 लोग घायल हो गए। छह घायलों को जिला अस्पताल कन्नौज रेफर किया गया है।
सिरसागंज के ग्राम बुरइयां निवासी धर्मेंद्र सिंह के परिजन सौरिख क्षेत्र के ग्राम परौर में अपने बीमार रिश्तेदार को देखने गए थे। जाते समय सकरावा रोड पर उनकी तेज रफ्तार कार सामने आ रहे साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में सड़क किनारे जाकर पलट गई। कार प्रमोद उर्फ बाबा चला रहा था। दुर्घटना होते ही चीख पुकार मच गई। आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। कार में फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला।
इसके बाद घायलों को कस्बे की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हादसे में कार सवार योगेंद्र पुत्र निर्मल, पिंकी पत्नी धर्मेंद्र, रेनू पत्नी कल्लू और गीता पत्नी सचिन के अलावा धर्मेंद्र के बच्चे रिशू, इशांत, प्रशांत व रूचि व सचिन के बच्चे वंश, काजल, शालिनी, लक्ष्मी घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल तीनों महिलाएं और बच्चे रिशू, काजल और रूचि को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।