कन्नौज। जिले में अचानक चार पहिया वाहन चोरी की वारदातें बढ़ गई हैं। मलिकपुर में कार चोरी होने के बाद तीन दिन में सदर कोतवाली इलाके से चोरों ने तीन कारें चोरी कर लीं। इससे पुलिस के होश उड़ गए। सर्विलांस और स्वाट टीमों ने छानबीन शुरू की है। पुलिस के हाथ कुछ सीसीटीवी फुटेज लगे हैं।
रविवार रात शहर के ग्वाल मैदान मोहल्ला निवासी कोल्ड स्टोरेज मालिक जीवन शंकर की इनोवा दरवाजे पर खड़ी थी। चोरों ने इनोवा पार कर दी। इनकी पत्नी शीला मिश्रा ने मामला दर्ज कराया है। वहीं शहर के फूलमती मंदिर के पास गिफ्ट विक्रेता शादाब पुत्र एजाज की दरवाजे पर खड़ी टवेरा को वैगनआर से आए चोरों ने पार कर दिया।
इसके अलावा रविवार रात मानीमऊ के उग्गापुरवा गांव निवासी गिरीश चंद्र पाल की बेटी की एक गेस्ट हाउस में बरात आई थी। बांगरमऊ उन्नाव से आई बरात में दूल्हे के फूफा विनय पाल निवासी मड़िया थाना सुरसा जिला हरदोई की बोलेरो चोरों ने पार कर दी। कोतवाल विनोद मिश्रा ने बताया कि तीनों कार चोरी के मामले दर्ज किए गए हैं।