ठठिया। दिल्ली से बिहार जा रही कार गुरुवार को चालक को झपकी आने से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
दिल्ली से कार पर छह लोग बिहार के सुपौल जिला जा रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दोपहर ठठिया क्षेत्र के 201 किलोमीटर पर चालक को झपकी आ गई। कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार बिहार के सुपौल के कौशी रोड वार्ड नंबर 11 निवासी सुमित कुमार (30), आशुतोष कुमार, दिलीप यादव, प्रमोद चौधरी, सोनू कुमार, सुभाष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने सुमित को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीखपुकार मच गई। थाना प्रभारी जेपी शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। घायलों का इलाज चल रहा है।