तालग्राम क्षेत्र के गांव बेहटा में बने मतदान केंद्र
पर मंगलवार की शाम मतदान खत्म होने के बाद मतपेटी सील होते वक्त प्रत्याशी
के पति का दूसरे प्रत्याशियों के समर्थकों से विवाद हो गया। इस पर
गालीगलौच के बाद ईंट-पत्थर चले। इससे प्रत्याशी के पति समेत एक अन्य युवक
चुटहिल हो गया।
मंगलवार की शाम करीब पांच बजे बेहटा बूथ पर जिला पंचायत
सदस्य पद की उम्मीदवार सुमन यादव के पति बृजकिशोर यादव उर्फ झंडू सिंह
पहुंचे। उस वक्त मतपेटियां सील की जा रही थीं। किसी बात को लेकर प्रत्याशी
के पति भड़क गए और गालीगलौच करने लगे। इससे भाजपा समर्थित प्रत्याशी पूनम
भदौरिया के समर्थक खफा हो गए।
इसके बाद दोनों ओर से गालीगलौज के बाद
ईंट-पत्थर चलने लगे। इससे झंडू सिंह की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं उनके
व एक समर्थक के चोटें भी आईं। इससे केंद्र पर भगदड़ मच गई। सुरक्षा
कर्मियों ने पोलिंग पार्टी को सुरक्षा घेरे में लेकर बक्से सील कराए। बाद
में फोर्स के पहुंचने पर झगड़ा कर रहे लोग भाग गए।