सौरिख। सकरावा रोड पर तेज रफ्तार बाइक चालक ने फर्नीचर व्यापारी को टक्कर मार दी। हादसे में फर्नीचर व्यापारी की मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे से होली की खुशियां मातम में बदल गईं।
नेहरूनगर सकरावा रोड निवासी कृष्ण कुमार उर्फ मुरारी लाल शर्मा (60) शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे जानवरों के लिए घास लेकर घर आ रहे थे। सकरावा रोड पर घर के सामने सकरावा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार बाइक चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह उछलकर दूर जा गिरे। सिर में चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। परिजन इलाज के लिए उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उन्हें सैफई रेफर कर दिया।
सैफई पहुंचने पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया। उधर, पति की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी पुष्पा देवी, बेटे गौरव व सौरभ के अलावा परिजनों में कोहराम मच गया। शनिवार को कृष्ण कुमार के शव का इटावा में पोस्टमार्टम होने के बाद घर पहुंचा। प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।