कन्नौज। 312 लोगों के अगरबत्ती उद्यम लगाने के अरमान अधिकारियों की लापरवाही से फाइलों में ही दफन हो गए। इन लोगों ने पिछले वित्तीय वर्ष में उद्यम को कर्ज लेने के लिए आवेदन किया था लेकिन एक भी आवेदन को मंजूरी नहीं दी गई। मंगलवार को दिशा की बैठक में सांसद सुब्रत पाठक ने अधिकारियों की लापरवाही पकड़ ली। उन्होंने जिलाधिकारी को जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जांच एलडीएम से कराकर आख्या भी तलब की है।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) बैठक की सांसद सुब्रत पाठक अध्यक्षता कर रहे थे। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना से किसानों को लाभ दिलाने पर जोर दिया। ड्रिप व स्प्रिंकलर विधि से किसानों को प्रेरित करने को भी कहा। दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना से विद्युतीकरण न होने पर एक्सईएन छिबरामऊ से जवाब मांगा और बिजली संबंधी शिकायतों के फोन न उठाने वाले एसडीओ व जेई से स्पष्टीकरण लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि बस्तियों से निकली 11000 वोल्टेज की लाइन से दुर्घटना न होने के इंतजाम किए जाएं।
अवैध खनन की कार्रवाई में ग्राम नदसिया व आसपास के संबंधित गाटा से खनन न करने और ग्राम पंचायत की भूमि में खनन की रिपोर्ट पर सवाल उठाकर सही रिपोर्ट मांगी। एक्सईएन जल निगम ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन योजना से 142 पानी की टंकियां बनी हैं, इन्हें हस्तांतरित किया जा चुका है। इस पर विधायक एवं अन्य सदस्यों टंकियों का सही संचालन न होने की शिकायत की। बैठक में डीएम राकेश कुमार मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष, विधायक तिर्वा, विधायक छिबरामऊ के प्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।