छिबरामऊ। पूर्व राज्यमंत्री अर्चना पांडेय ने बुधवार को बस स्टेशन के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कई सालों से जीर्ण-शीर्ण छिबरामऊ के इस बस स्टेशन को देखकर काफी तकलीफ होती थी। अब नए और आधुनिक बस स्टेशन में लोगों की सुख सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्था छह महीने में निर्माण कार्य पूरा कर देगी। उन्होंने रोडवेज बस स्टेशन के बगल की गली को चौड़ा किए जाने की मांग रोडवेज के अधिकारियों से रखी। एआरएम अपराजित श्रीवास्तव ने बताया कि रोडवेज बस स्टेशन के नक्शे में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। इससे पहले आचार्य पं. अखिलेश कुमार दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन किया। राज्यमंत्री सहित भाजपा नेताओं ने आहुतियां दीं।
निर्माण कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड कराएगी। 175.56 लाख की लागत से बनने वाले इस रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण मार्च 2020 तक पूरा होना है। इस दौरान भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री नरेंद्र राजपूत, जिला महामंत्री गौरव दुबे, जिला कोषाध्यक्ष रामानंद वर्मा, डॉ. प्रत्यूष दुबे, मुनीष मिश्रा, रामेंद्र त्रिपाठी, जिपंस जितेंद्र शाक्य जीतू, विवेक दीक्षित, अजय चतुर्वेदी, रवि चौबे, सूर्यकांत दीक्षित व रामप्रकाश शाक्य बड़े सहित कई लोग मौजूद रहे।
रंग लाई भाजपा नेता रामानंद वर्मा की पहल
भारतीय जनता पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष रामानंद वर्मा ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर छिबरामऊ से लखनऊ व आगरा के लिए दो-दो बसें चलवाए जाने की मांग को लेकर तत्कालीन राज्यमंत्री अर्चना पांडेय को ज्ञापन सौंपा था। बुधवार को बस स्टेशन के पुनर्निर्माण कार्य के शिलान्यास के दौरान भी उन्होंने इस मांग को उठाया। उनकी मांग व क्षेत्रीय लोगों की सुविधाओं को गंभीरता से लेते हुए एआरएम अपराजित श्रीवास्तव ने दिवाली तक छिबरामऊ से एक बस आगरा व एक बस लखनऊ तक चलवाने का आश्वासन दिया। इससे लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।