तालग्राम। लखनऊ से 50 सवारियों को लेकर दिल्ली जा रही स्लीपर बस सोमवार की देर रात एक बजे डिवाइडर से टकरा कर पोल व फेसिंग तोड़ते हुए नाली में जा घुसी। हादसे में 30 यात्री घायल हो गए। यूपीडा व पुलिस टीम ने घायलों को सीएचसी और मेडिकल कॉलेज भेजा।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर के बच्चा बिहार काॅलोनी पिंटो पार्क निवासी चालक नीलकमल उर्फ नीरज (38) फौजी बस सर्विस की स्लीपर बस का चालक हैं। सोमवार रात स्लीपर बस लेकर नीलकमल लखनऊ से दिल्ली जा रहे थे। बस में 50 यात्री सवार थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तिलकापुर गांव के पास अचानक चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराती हुई फेंसिंग पोल तोड़ते हुए नाली में जा घुसी। सो रहे यात्रियों को जोर का झटका लगा और उछल कर एकदूसरे के ऊपर जा गिरे।
हादसे के बाद यात्रियों में चीखपुकार मच गई। घटना में 30 यात्री घायल हो गए। सेफ्टी वाहन, क्रेन तथा एंबुलेंस 172 और सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह व सहायक सुरक्षा अधिकारी आरपी कनौजिया व थाना प्रभारी शशिकांत कनौजिया मौके पर पहुंचे। घायल को प्राथमिक इलाज के लिए सीएचसी तालग्राम और मेडिकल काॅलेज तिर्वा भेजा गया। सीएचसी से सात घायलों को रेफर किया गया है। क्षतिग्रस्त बस को क्रेन की मदद से टोल प्लाजा पर खड़ा कर दिया गया। बस में सवार अन्य यात्रियों को प्राइवेट बसों से दिल्ली रवाना किया गया।
-
ये लोग घायल
लखनऊ के अलीगंज निवासी सिद्धार्थ सिंह (21), हर्ष (24), लखनऊ के मंथरा की रिया (24), लखनऊ के ताल कटोरा की सुचि (26), लखनऊ की निशातगंज निवासी प्रिया सोनी (31), फाबेह (26), लखनऊ के कुर्वाचंल नगर निवासी आनंद (23) अंबेडकर नगर के संतनगर निवासी धीरेंद्र मिश्रा (45), कासगंज के सहावर के रजि अहमद (36), हरियाणा के झज्जर निवासी रिंकू (19), किरन (26), नेहा (18), दिल्ली के कैलाश पुरी के सौरभ (27), दिल्ली के नेयसराय की नेहा (30), उदय (46), प्रीती अग्रवाल (44), झांसी के पारीछा काॅलोनी के शिवांशु (18) आजमगढ़ के चालकपुर रौनापार के प्रशांत (26) प्रतापगढ़ के ननौली के दीपक (40) समेत 30 यात्री घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल सात लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
30 बेड की सीएचसी में पहुंचे 41 मरीज
कुछ घंटों के अंतराल पर थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दो बस दुर्घटना में घायल 41 लोगों को सीएचसी तालग्राम भेजा गया है। 30 बेड की सीएचसी में 41 घायल पहुंचने से स्वास्थ्य कर्मियों के हाथ-पैर फूल गए। इमरजेंसी ड्यूटी कर रहे डॉ. मोनिस अंसारी, फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वाॅय घायलों की मरहम-पट्टी में जुटे रहे।