तिर्वा। बाइक सवार महिला की साड़ी चेन में फंस गई और मासूम बेटे के साथ वह सड़क पर गिर गई और मौत हो गई। हादसे में बेटा बाल-बाल बच गया। परिजनों ने हादसे की जानकारी पुलिस को नहीं दी।
इंदरगढ़ क्षेत्र के डिपिया गांव निवासी अरविंद पत्नी साक्षी (28) व मासूम बेटे के साथ बाइक से शनिवार को ठठिया क्षेत्र के बंसरा गांव में रिश्तेदारी में गए थे। शाम को वह लोग बाइक से घर आ रहे थे। तिर्वा-इंदरगढ़ मार्ग पर अगौस गांव के निकट साक्षी की साड़ी बाइक की चेन में फंस गई और वह बेटे के साथ नीचे जा गिरी। हादसे में साक्षी की मौत हो गई और बेटा बाल-बाल बच गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। थाना प्रभारी पारुल चौधरी ने बताया कि परिजनों ने हादसे की जानकारी नहीं दी है। (संवाद)