फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान बाजार के लिए बजट जारी, दीपावली से पहले होगा शुरू

विज्ञापन
विज्ञापन
कन्नौज। जिले के किसानों और व्यापारियों के लिए खुशखबरी है। तिर्वा में बन रहे किसान बाजार को दीपावली से पहले चालू करने का रास्ता साफ हो गया है। शासन को भेजी गई एक करोड़ रुपये की डिमांड स्वीकृत कर ली गई है। बारिश के कारण रुका काम अगले महीने से चालू कर दिया जाएगा। कार्यदायी संस्था का प्रयास है कि काम हरहाल में सितंबर के अंत तक पूरा कर लिया जाए। दीपावली से पहले किसान बाजार चालू कर दिया जाए।
विज्ञापन

तिर्वा में करीब 17.50 करोड़ की लागत से किसान बाजार का निर्माण कार्य जनवरी 2015 में शुरू हुआ था। मार्च 2017 तक काम को पूरा करने की समय सीमा निर्धारित की गई थी। उत्तर प्रदेश मंडी निर्माण निगम की देखरेख में काम पूरा करने की जिम्मेदारी कार्तिकेय प्रोजेक्ट्स को दी गई थी। निर्माण कार्य में ढिलाई के कारण जनवरी 2017 तक मुख्य भवन, 22 दुकानें, बरात घर और सेमिनार भवन का निर्माण कर कंपनी ने 90 फीसदी काम ही पूरा किया। इसके बाद बजट के अभाव में काम रुक गया। शटर, पत्थर, रंगरोगन और इलेक्ट्रिक का कुछ काम बाकी है। यह काम पूरे हो पाते, इससे पहले विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया। चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई।
मार्च 2017 में नई सरकार के गठन के बाद भी किसान बाजार का काम रफ्तार नहीं पकड़ सका। समय के साथ प्रोजेक्ट की लागत भी बढ़ गई। शेष काम को पूरा कराने के लिए उत्तर प्रदेश मंडी निर्माण निगम की ओर से शासन से एक करोड़ रुपये की डिमांड की गई थी। इसे इसी हफ्ते मंजूरी मिल गई है।
विज्ञापन

निर्माण निगम के डिप्टी डायरेक्टर अनिल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि एक करोड़ रुपये की धनराशि शासन से मिल गई है। बारिश के कारण अभी काम शुरू नहीं कराया गया है। सितंबर से काम शुरू कराने की योजना है। एक माह में काम पूरा कर इसे मंडी प्रशासन के सुपुर्द कर दिया जाएगा। इसके बाद दुकानों और अन्य चीजों की नीलामी प्रक्रिया शुरू होगी। इसे पूरा करने के बाद किसान बाजार विधिवत शुरू हो जाएगा। दीपावली से पहले ऐसा कराने की योजना है।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी सुविधाएं
किसान बाजार चालू होने से किसानों को एक ही छत के नीचे सारी सुविधाएं मिल सकेंगी। यहां खाद, बीज, रसायन, कीटनाशक, कृषि उपकरण, ट्रैक्टर, बैंक और पोस्ट आफिस आदि की सुविधाएं मिलेंगी। किसी भी चीज के लिए भागदौड़ नहीं करनी होगी। उचित मूल्य पर सामान मिलने से किसानों को खासी सहूलियत होगी।
10 फीसदी काम पूरा होने में लगा ढाई साल से ज्यादा वक्त
किसानों की बेहतरी के लिए बन रहे किसान बाजार का करीब नब्बे फीसदी काम जनवरी 2017 में पूरा हो चुका था। 10 फीसदी काम को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश मंडी निर्माण निगम को ढाई साल से ज्यादा का इंतजार करना पड़ा। दरअसल, लागत बढ़ने से कार्यदायी संस्था को करीब एक करोड़ की और दरकार थी। इसके लिए अफसरों ने कई बार लिखापढ़ी की, बजट जारी करने पर अंतिम मोहर अब लग सकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें