छिबरामऊ। भाईदूज पर बहनों ने भाइयों के तिलक कर उनकी लंबी उम्र की ईश्वर से कामना की। भाइयों ने भी अपनी बहनों की रक्षा का संकल्प लेकर उन्हें उपहार भेंट किए। बहनें अपने भाई की लंबी उम्र के लिए भाईदूज को सुबह से व्रत रखकर टीका करती हैं। जो बहनें भाइयों के पास नहीं पहुंच पाती वह गरी का गोला खरीद कर उसमें टीका कर भइया दूज की परंपरा का निर्वाह कर देती हैं।
जल्दी पहुंचने की ललक, डग्गामारों की रही चांदी
छिबरामऊ। मंगलवार को भइयादूज का त्यौहार था। बहनों में अपने मायके जल्दी पहुंचने की ललक देखने को मिली। फर्रुखाबाद, सौरिख, तालग्राम जाने वाली बसें फुल रहीं। छत पर भी सवारियां बैठ कर गईं। विशुनगढ़ रोड व सौरिख रोड पर डग्गामार वाहनों ने किसी की जान की परवाह नहीं की। इन्होंने ठूंस ठूंस कर सवारियां बैठाई। गुरसहायगंज, बेवर जाने वाली सवारियों के साथ भी ऐसा ही रहा। बसों में जगह न मिलने पर बहनों ने ट्रक से भी यात्रा की। टेंपो, मैजिक वालों ने भी मौके का फायदा उठाते हुए अधिक किराया वसूला। पूर्वी, पश्चिमी बाईपास समेत फर्रुखाबाद चौराहे पर सवारियों का मेला लगा रहा। जेबकतरों ने कई की जेब साफ की।