नगर में बीते एक माह में चोर करीब दर्जन भर घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। बीती रात चोरों ने कांशीराम कालोनी के पास परचून की दुकान के ताले तोड़ उसमें रखा सामान पार कर दिया। वहीं चोरों ने निगम मंडी के पास भी परचून की दुकान का ताला तोड़ रहे चोर को लोगों ने दबोच लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
जीटी रोड हाइवे किनारे बनी कांशीराम कालोनी निवासी गोपाल गुप्ता पुत्र पप्पू की कालोनी के पास ही मोहल्ला ऊंचा बिरतिया में परचून की दुकान है। शुक्रवार रात चोरों ने मोहल्ले के कई मकानों के दरवाजों की बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद दुकान के ताले तोड़कर तीन कुंतल आटा, 15 किलो सरसों का तेल, दर्जनों पैकेट गुटखा समेत अन्य कीमती सामान के अलावा एक गैस सिलेंडर और गोलक में रखे 1500 रुपये की नकदी पार कर दी।
शनिवार सुबह जब लोगों की आंख खुली और उन्होंने घर के मुख्य दरवाजे को खोलने का प्रयास किया तो पता चला बाहर से कुंडी लगी हुई है। लोगों ने किसी तरह घर की कुंडी खुलवाई। इसके बाद पता चला कि पड़ोस की परचूनी की दुकान में ताले तोड़कर चोरी हुई है। दुकान स्वामी ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। दुकान स्वामी ने चोर के खिलाफ रिपोर्ट लिखाने के लिए कोतवाली में तहरीर दी है।
उधर निगम मंडी के पास परख गुप्ता की परचून की दुकान के भी चोरों ने ताले तोड़ दिए। इस दौरान मंडी से निकल रहे कुछ लोगों ने जब यह नजारा देखा तो उन लोगों ने एक चोर को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस को लोगों ने चोर सुपुर्द कर दिया।
---------------------