मतदान केंद्र बरगांवा में हो रही पोलिंग के दौरान 100
बैलेट पेपर कम निकले। इसे मतदान केंद्र पर हंगामा की स्थिति पैदा हो गई।
प्रत्याशियों ने आरोप लगाया कि पीठासीन अधिकारी ने जानबूझकर बैलेट पेपर
अपने चहेते उम्मीदवार को लाभ पहुंचाने के लिए दे दिए हैं।
वहीं पीठासीन
अधिकारी डिप्टी सिंह ने आरोपों को बेबुनियाद करार देते हुए कहा कि भूलवश
मतदान पत्र कम आए हैं। सूचना पाकर अफसरों के निर्देशानुसार बीडीओ पंकज
यादव 100 बैलेट पेपर लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रत्याशियों को
समझा-बुझाकर शांत कराया।
छानबीन में पता चला कि बरगांवा में बूथ नंबर 13 पर
पीठासीन अधिकारी डिप्टी सिंह आदर्श शिक्षा सदन सौरिख में सहायक टीचर हैं।
ब्लाक परिसर में आरओ द्वारा क्रम संख्या 5947101 से 5947785 तक के बैलेट
पेपर रिसीव किए थे। सुबह जब मतदान शुरू हुआ तो एक बैलेट पेपर की गड्डी खत्म
होने के बाद मतपत्र कम नजर आए।
गिनने पर क्रम संख्या 5947201 से 5947300
क्रम संख्या के बैलेट पेपर गायब थे। इस पर पीठासीन अधिकारी ने तुरंत सहयोगी
अधिकारियों से पूछताछ शुरू की तो हड़कंप मच गया। आननफानन में बीडीओ को
सूचना दी गई। बाद में बीडीओ ने खुद 100 बैलेट पेपर लाकर उन्हें रिसीव कराए।
मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को होने पर उन्होंने उक्त पीठासीन
अधिकारी को लापरवाही बरतने को दोषी मानकर हटा दिया गया। इसके बाद इस मतदान
केंद्र पर डाले जाने वाले हर वोटिंग की वीडियोग्राफी कराई गई, ताकि कोई डबल
वोट न डाल सके। उधर, आरओ अभिनंदन सिंह ने बताया कि उक्त क्रमांक नंबर के
बैलेट पेपर को निरस्त कर दिया गया है।