चुनाव ड्यूटी में लगी बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार
चार युवक घायल हो गए। उपचार के लिए ले जाते समय दो युवकों की जहां मौत हो
गई, वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायलों को मेडिकल कालेज तिर्वा में भर्ती
कराया गया है। दुर्घटना के बाद भाग रही बोलेरो को ग्रामीणों ने पीछा कर
पकड़ लिया और चालक की जमकर धुनाई कर दी।
उधर, दुर्घटना की सूचना मिलते
ही मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ के चंगुल से किसी तरह चालक को छुड़ाकर उसे
थाने भिजवाया। बाइक सवार यदि हेलमेट लगाए होते तो शायद उनकी जान बच सकती
थी। सिर में गंभीर चोट होने के कारण उनकी जान पर बन आई।
मिली जानकारी के
अनुसार, क्षेत्र के ग्राम परौर निवासी सुनील कुमार (35) पुत्र चंद्रप्रकाश
की राजापुर बंबा के पास मिठाई की दुकान है। उनकी दुकान पर गांव का राजा
बाबू (20) पुत्र रामदास कारीगर है। सोमवार को वह अपने कारीगर और भाई मोनू
(27) और पुत्र दिव्यांशु के साथ बाइक से अपनी दुकान पर जा रहे थे।
वह लोग
अभी गांव से कुछ दूर ही निकल पाए थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो
ने उनकी बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी। इस दौरान हादसा होते ही मौके
पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। दुर्घटना के बाद चालक ने गाड़ी भगा दी, मगर
ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और फिर चालक की जमकर धुनाई कर दी।
उधर,
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ के चंगुल से
गाड़ी चालक को छुड़ाकर अपनी हिरासत में ले लिया और फिर उसे सुरक्षित थाने
भिजवाया। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज तिर्वा
भिजवाया। वहां उपचार के दौरान सुनील की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल
राजा बाबू को कानपुर रेफर कर दिया गया।
कानपुर के रामा हास्पिटल में उपचार
के दौरान उसकी भी मौत हो गई। दुर्घटना में घायल सुनील के पुत्र और उसके भाई
का उपचार मेडिकल कालेज तिर्वा में चल रहा है। बोलेरो चालक आलोक पुत्र
चरन सिंह निवासी पंजू खरिया जहानगंज ने बताया कि उसकी गाड़ी चुनाव ड्यूटी
में लगी है। वह अपने दोस्त के घर परौर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।