विशुनगढ़ रोड पर रामलीला मैदान के पास तेज रफ्तार
बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए।
उपचार के दौरान एक ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल दो अन्य को सीएचसी
से जिला अस्पताल कन्नौज रेफर किया गया।
दुर्घटना की सूचना पर कोतवाली
पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। मिली जानकारी के अनुसार, मैनपुरी
जनपद के ग्राम कैथोली निवासी नीरज पुत्र जसवंत सिंह अपने चचेरे भाई
रामविलास (25) पुत्र रामभरोसेलाल और अपने भांजे दीपू पुत्र महाराम शाक्य
निवासी जसवंतपुर एरवाकटरा के साथ रंगाई-पुताई का कार्य करते हैं।
शुक्रवार
को वह तीनों नगर में सौरिख रोड पर किसी मकान की पुताई कर रहे थे। देर शाम
काम खत्म करने के बाद बाइक से तीनों वापस गांव जा रहे थे। बाइक दीपू चला
रहा था। जब वह लोग विशुनगढ़ रोड पर रामलीला मैदान के पास पहुंचे तभी सामने
से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते
ही बाइक सवार तीनों उछलकर दूर जा गिरे। दुर्घटना होते ही चालक बोलेरो को
भगा ले गया। सड़क पर खून से लथपथ पड़े घायलों को देख राहगीरों ने मामले की
सूचना कोतवाली पुलिस को दी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल अरविंद मोहन
जायसवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
तीनों घायलों को वाहन की
व्यवस्था कर किसी तरह नगर की सीएचसी में पहुंचाया। इस दौरान उपचार के दौरान
रामविलास की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल उसके चचेरे भाई नीरज और भांजे
दीपू को जिला अस्पताल कन्नौज रेफर कर दिया गया।