खेत में बनी नलकूप की कोठरी में युवक का शव कुंडे से लटकता मिला। जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगा हंगामा किया। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग को लेकर काफी देर तक शव नहीं उठने दिया। पुलिस ने लोगों को शांत कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तीन सगे भाइयों सहित चार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।
ग्राम कुढ़रीपुर्वा निवासी वेदराम यादव का पुत्र अमर सिंह (25) खेती का काम करता है। गांव के बाहर नलकूप में बनी कोठरी में वह सोमवार शाम सोने गया था। मंगलवार सुबह जब उसका बड़ा भाई नरेश कोठरी पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। उसने छत से जाकर देखा तो अमर सिंह का शव छत के कुंडे से लटका मिला। जानकारी पाकर परिजन वहां पहुंचे। पिता वेदराम व मृतक के भाइयों ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया।
पिता ने बताया कि गांव के अवधेश का नलकूप पास में ही लगा है। करीब छह माह पहले उसने भी अपने खेत में नलकूप लगाया। इससे अवधेश के परिवार वाले रंजिश मानने लगे थे। इस मामले को लेकर कई बार विवाद भी हुआ। चार दिन पहले भी गाली-गलौज के साथ मारपीट हुई थी। पिता ने आरोप लगाया कि अवधेश, अंकित, गोविंद व शेर सिंह ने पुत्र की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया।
नलकूप की कोठरी को अंदर से बंद कर सीढ़ी से चढ़कर फरार हो गए। सूचना पाकर अरविंद मोहन जायसवाल, एसएसआई लालचंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस ने अवधेश यादव, अंकित, गोविंद पुत्रगण राजबहादुर व शेर सिंह पुत्र श्याम सुंदर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।