नगरपालिका परिषद बोर्ड की हुई बैठक में बिजली, पानी
और सफाई के साथ कई अन्य समस्याओं पर चर्चा हुई। उधर, किसी भी समस्या की
सुनवाई न होने से सभासदों में रोष भी देखा गया।
पालिकाध्यक्ष आदेश
गुप्ता की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बोर्ड की बैठक में प्रभारी अधिशासी
अधिकारी एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित मौजूद नहीं थे। सभासद हरीशरण शाक्य ने
नगर में पाइप लाइन लीकेज की समस्या उठाते हुए कहा कि सौरिख तिराहे के पास
पिछले दो माह से पाइप लाइन लीकेज है।
नाले के पास लीकेज के कारण लोगों के
घरों में दूषित पेयजल आपूर्ति हो रही है। इस समस्या को दुरुस्त कराने को वह
कई बार लिखित रूप से शिकायत कर चुके हैं, पर आज तक इसका निस्तारण नहीं
किया जा सका है। सभासद पति बलराम ने मुर्दा मवेशी न उठाने और उन्हें डालने
के लिए पालिका द्वारा कोई स्थान निर्धारित नहीं करने की समस्या उठाई।
सभासद
रहीस अहमद ने सुबह पांच बजे की जाने वाली पेयजल आपूर्ति का समय बदलकर
साढ़े पांच बजे करने की बात रखी। सभासद समां बेगम के पति अजमेरी ने
मोहल्ला ऊंचा स्थित बारात घर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और वहां
रसोई घर के लिए कमरा बनवाने की मांग रखी।
उधर, नगरपालिका के वार्ड नंबर छह
गांधीनगर की सभासद शशिप्रभा समस्याओं की सुनवाई नहीं होने से इतनी आहत हैं
कि उन्होंने बोर्ड की बैठक का बहिष्कार करना शुरू कर दिया है। शशिप्रभा ने
बताया कि उनके वार्ड से संबंधित मोहल्लों में सफाई नहीं होने से गंदगी का
साम्राज्य है।
कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होने पर
उन्हें स्वयं फावड़ा लेकर नाली से कीचड़ निकालने को मजबूर होना पड़ा। इसके
अलावा भी वह कई अन्य समस्याओं को लेकर पालिकाध्यक्ष से मिल चुकी हैं, पर
उन्होंने भी कोई ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने बताया कि न तो पालिका के
कर्मचारी सुन रहे और न ही पालिकाध्यक्ष सभासदों की समस्याओं के प्रति गंभीर
हैं। ऐसी हालत में बोर्ड की बैठक में भाग लेने से क्या फायदा। इसके अलावा
सभासद भारत सिंह शाक्य, शेर सिंह पाल, प्रताप सिंह, रामनाथ कश्यप आदि ने
सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट दुरुस्त कराने की मांग रखी।
बैठक में सभासद
सावित्री पांडेय, रमाकांत त्रिपाठी पप्पी, सुनील कुमार, अरुण कुमार, नीलम
सविता, कन्हैयालाल और रामबाबू आदि मौजूद थे।