पांच साल में ही जर्जर हो गई 200 करोड़ की सड़क, छिबरामऊ से औरैया के बिधूना कस्बे तक जाने वाली सड़क का हाल-बेहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
कन्नौज। छिबरामऊ शहर से औरैया के बिधूना कस्बे तक जाने वाली फोरलेन सड़क पर जगह-जगह फफोले निकल आए। इससे निकलने वाले वाहनों को हिचकोले खाने पड़ रहे हैं। सड़क की ऐसी हालत बारिश में निकलने वाले डंपरों ने कर दी है। अब लोक निर्माण विभाग बारिश थमने का इंतजार कर रहा है।
छिबरामऊ से सौरिख कस्बे की दूरी महज 13 किलोमीटर है। छिबरामऊ शहर से औरैया के बिधूना कस्बे तक जाने वाला सड़क को राजमार्ग कहा जाए तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। यह सड़क औरैया ही नहीं, पूरे बुंदेलखंड और तराई बेल्ट को जोड़ने वाला माध्यम भी है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को गंगा एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए वैकल्पिक लिंक रोड भी है। इस रोड में सबसे ज्यादा दिक्कत तो ग्राम जरारा के पास ईशन नदी के पुल के निकट है। यहां बारिश के चलते दोनों तरफ कटान हो गया है, जिसमें काफी सड़क कट कर बह गई है। यहां पर चेतावनी बोर्ड या रेडियम लाइट भी नहीं लगाई गई।
पुल के दोनों तरफ ओवरलोड डंपरों के निकलने के गिट्टी और डामर अपने स्थान से हट गया और सड़क पर बड़े-बड़े टीले बन गए हैं। जहां से गिट्टी हटी, वहां गड्ढों में पानी भर गया है। बाइक और स्कूटी सवार तो प्रतिदिन गिरते हैं और ई-रिक्शा का पलटना आम बात है। सरदापुर गांव में तो हालात और भी बदतर हैं, जहां गड्ढों में घरों से निकलने वाला दूषित पानी भर गया है। यहां भी आए दिन हादसे हो रहे हैं। सड़क के बीच में डिवाइडर भी बना है, जिस पर झाड़ियां खड़ी होने से वाहन सवारों को निकलने में दिक्कत होती है।
पीडब्ल्यूडी (निर्माण खंड-एक) के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार का कहना है कि छिबरामऊ-सौरिख रोड की मरम्मत के लिए 20 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाकर शासन को भेज दिया गया है। बजट मिलते ही मरम्मत और पैचवर्क शुरू करा दिया जाएगा। कटान वाली जगह पर जल्द ही चेतावनी बोर्ड लगवाए जाएंगे।
पांच साल में ही जर्जर हो गई 200 करोड़ की सड़क
छिबरामऊ-सौरिख-बिधूना रोड को वर्ष 2020 में फोरलेन बनाया गया था। 50 किलाेमीटर सड़क को बनाने में 200 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। इसके आरसीएल कंपनी ने बनाया था। अभी पांच साल भी पूरे नहीं हुए कि यह रोड जर्जर हो गया। इसको छिबरामऊ में अलीगढ़-कानपुर हाईवे से जोड़ा गया है। प्रतिदिन इस रोड पर सैकड़ोंं मौरंग लदे ओवरलोड डंपर निकलते हैं, जिससे यह जर्जर हालत में पहुंच गया है।
इसे स्टेट हाईवे घोषित करें
छिबरामऊ-बिधूना रोड मुख्य व्यापारिक मार्ग भी है जो बुंदेलखंड के जिलों को फर्रुखाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई और पीलीभीत जिलों को भी जोड़ता है। सरकार को चाहिए कि इस रोड के सामरिक व व्यापारिक महत्व को देखते हुए इसे स्टेट हाईवे घोषित करें।
-शशांक चतुर्वेदी ओमी, उद्योगपति, सौरिख
प्रतिदिन आवागमन में समस्या
छिबरामऊ-सौरिख रोड पर ओवरलोड वाहनों की अधिकता होने के कारण इसकी सेहत खराब हो रही है। प्रतिदिन हादसे हो रहे हैं, इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। प्रतिदिन आवागमन करने वालों को अधिक दिक्कत झेलनी पड़ती है।
-राहुल आर्य, शिक्षक, छिबरामऊ