कन्नौज। अपनी ही सरकार में सुनवाई न होने से खफा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने अफसरों के सामने भड़ास निकाली है। बाकायदा तहसील समाधान दिवस में पहुंचकर एसपी कुंवर अनुपम सिंह से कहा कि उनकी ओर से जिले का प्रभार लेने के बाद से पुलिस व्यवस्था चौपट हो गई है। कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। चोरी, लूट, डकैती जैसी वारदातें बढ़ गईं हैं। अपराधियों से कन्नौज भयमुक्त नहीं, बल्कि भययुक्त हो गया है।
सोमवार को भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह के नेतृत्व में कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता सदर तहसील पहुंचे। यहां पहले तो प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की उसके बाद संपूर्ण समाधान दिवस में एसपी को कई शिकायतों से जुड़ा एक पत्र दिया। उसमें कहा है कि जिले के सम्मानित नागरिकों व भाजपा कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कुछ दिनों में धार्मिक स्थलों समेत 20-25 चोरियां हो चुकीं हैं, लेकिन खुलासा किसी भी चोरी का नहीं हुआ है। कहा कि सपाई अब भी खनन कर रहे हैं।