कन्नौज जिले के गुरसहायगंज में जल जीवन मिशन के तहत गांव में डाले जाने वाले पाइपों को चुराकर ट्रैक्टर से भाग रहे भाजपा नेता को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इस दौरान ट्रैक्टर चालक और दो मजदूर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने भाजपा नेता को पाइप के साथ पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में एक ठेकेदार ने पाइप चोरी करने का मुकदमा कोतवाली में दर्ज कराया है। पाइप की कीमत दो लाख रुपये है।
गुरसहायगंज कोतवाली की चौकी नौरंगपुर के गांव मोहनपुर रतनपुर में जल जीवन मिशन के तहत ओवरहेड टैंक बन रहा है। औरैया के बिधूना आदर्श नगर निवासी ठेकेदार नारायण भदौरिया ने बताया कि ओवरहेड टैंक से कई गांव को जोड़े जाने के उद्देश्य को लेकर पाइप लाइन बिछाने का भी काम चल रहा है। इसके लिए कई स्थानों पर सैकड़ों मीटर लंबे पाइप के बंडल रखे हुए हैं। ग्राम गढि़या बलिदासपुर स्थित सतीश के खेत में भी चार इंच की मोटाई का 300 मीटर लंबा पाइप का बंडल रखा था।
शुक्रवार की रात ग्राम सौसरापुर निवासी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अनवर खां ट्रैक्टर और दो मजदूर लेकर खेत में पहुंचे और 300 मीटर लंबे पाइप के बंडल को चोरी करके लाद लिया। गांव वालों की निगाह पड़ गई तो उसे पकड़ लिया और कोतवाली ले आए। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह को मामले से अवगत कराया। नारायण भदौरिया की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा नेता के खिलाफ पाइप चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। नारायन भदौरिया ने बताया कि पहले भी पाइप चोरी की घटना हो चुकी है। पुलिस ने कोई ध्यान नहीं दिया।