गोशाला का शुभारंभ करते भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत।
- फोटो : CHIBRAMAU
विशुनगढ़। सरदामई गांव में एक महीने पहले कब्जा मुक्त कराई गई सरकारी जमीन पर निजी संस्था ने अस्थायी गोशाला बना दी। भाजपा जिलाध्यक्ष ने रविवार सुबह गो पूजन कर और फीता काटकर गोशाला का शुभारंभ किया और दोपहर बाद एसडीएम ने अतिक्रमण बताकर बल्लियां हटवाकर गोशाला बंद करा दी। गायें प्रधान के सुपुर्द कर दीं गईं।
सरदामई गांव की 51 बीघा सरकारी जमीन पर सेवानिवृत्त राजस्वकर्मी का कब्जा करीब एक महीने पहले हटवाया गया था। जमीन प्रधान के सुपुर्द कर दी गई थी। इसी जमीन पर बल्लियां और रस्सियां लगाकर गोसंवर्धन संस्थान ने श्री हरिभोले गोशाला बना दी। रविवार सुबह भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत ने गायों की पूजा अर्चना और फीता काटकर गोशाला का शुभारंभ कर दिया। सरकारी जमीन पर कब्जा कर गोशाला खोलने की शिकायत पर दोपहर बार एसडीएम गौरव शुक्ला गांव पहुंच गए। उन्होंने प्रधान और ग्रामीणों को बुलाकर गोशाला की बल्लियां हटवाकर जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया। गोशाला में रखीं गईं चार गायों को विशुनगढ़ गोशाला पहुंचाने के लिए ग्राम प्रधान को सौंप दिया गया।
जानकारी के अभाव में गोशाला का शुभारंभ करने चला गया था। जानकारी होने पर गोशाला संचालकों को सरकारी जमीन से कब्जा हटाने को कह दिया था, उसके बाद एसडीएम ने बल्लियां हटवाईं। नरेंद्र राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष
निजी संस्था को सरकारी भूमि नहीं दी जा सकती है। समझाने के बाद संस्था के लोग कब्जा हटाने को तैयार हो गए। बल्लियां हटवा दी गई हैं, गायों को प्रधान की सुपुर्द कर दिया गया है। गौरव शुक्ला, एसडीएम
सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटवाते एसडीएम।- फोटो : CHIBRAMAU